बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं एवं इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने फैमिली आईडी बनाने में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नाराजगी जताई।
उप कृषि निदेशक को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों का फैमिली आईडी बनाने के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नमामि गंगे, 15वां वित्त आयोग (पंचायत), व्यक्तिगत शौचालय एवं मध्यान्ह भोजन आदि में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर भी नाराजगी जताई।
कहा कि अपने-अपने विभागीय योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति लाएं। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत शेष रह गए विद्यालयों को सभी पैरामीटर से संतृप्त कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायतराज अधिकारी को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के साथ बैठक कर विभागीय कार्यो एवं भुगतान में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि पात्र लाभार्थियों का चयन करें। सेतुओं के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि निर्माण कार्य में आ रही समस्या का निस्तारण कराएं।