खेतों में घास काटने गई एक महिला को भालू ने घायल कर दिया। महिला को सीएचसी गैरसैंण में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार फरसों गांव की विमला देवी (47) पत्नी अवतार सिंह शनिवार को गांव के पास खेतों में घास काट रही थी, इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उस पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर भालू वहां से भाग गया। लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। रेंजर प्रदीप गौड़ ने कहा कि पीड़िता को मुआवजा देने की कार्रवाई कर दी गई है। मेहलचौरी के प्रधान बलवीर मेहरा, कुनीगाड़ के लीलाधर जोशी, पूर्व जेष्ठ प्रमुख डॉ. अवतार नेगी, पूर्व जिपंस महेश जुयाल, जिन्गोड़ की प्रधान रेवती बिष्ट ने वन विभाग से तत्काल भालू को क्षेत्र से बाहर जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।