फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamoli News: महिला पर भालू का हमला, जान बचाकर दौड़ी और खाई में पेड़ पर जा अटकी

Fri, 19 Dec 2025 07:07 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चमोली
विज्ञापन
गोपेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती भालू के हमले में घायल लुहां गांव की मीना देवी व मौजूद स्थानीय म
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

बंड क्षेत्र के लुहां गांव का मामला, महिला के हाथ, पीठ, सिर पर हुए गहरे जख्म
संवाद न्यूज एजेंसी-
गोपेश्वर। बंड क्षेत्र के लुहां गांव में घास लेने जंगल गई एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। महिला जान बचाकर दौड़ी और खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि वह खाई में एक पेड़ पर अटक गई। अन्य महिलाओं ने उसकी आवाज सुनी तो वह शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचीं तो भालू भाग गया। परिजनों ने महिला को घायल अवस्था में खाई से निकाला और जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
लुहां गांव में पिछले कुछ समय से भालू की दहशत बनी हुई है। घटना बीते बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे की है। लुहां गांव के प्रकाश सिंह की पत्नी मीना देवी (42) गांव की अन्य महिलाओं के साथ गांव के समीप जंगल में घास लेने के लिए गई थीं। भंडार तोक में झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक मीना पर हमला कर दिया। मीना शोर मचाते हुए जान बचाकर दौड़ी और खाई में जा गिरी। अन्य महिलाओं ने जब चिल्लाने की आवाज सुनीं तो वे शोर मचाते हुए वहां पहुंचीं जिन्हें देख भालू जंगल की ओर भाग गया। महिलाओं ने मीना को खोजा तो वह खाई में एक पेड़ पर अटकी मिली। ग्राम प्रधान भुवना देवी ने बताया कि महिलाओं ने जंगल से ही फोन पर परिजनों को इसकी सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मीना को खाई से निकाला। उसके हाथ, पांव, पीठ और सिर पर जख्म हुए हैं। इसके बाद देर शाम महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। युवक मंगल दल अध्यक्ष मुकेश नेगी ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की। मीना की कुशलक्षेम पूछने शुक्रवार को लुहां गांव की महिला मंगल दल की महिलाएं अस्पताल पहुंची थीं। शकुंतला देवी, सतेश्वरी देवी, उमा, सुशीला देवी, संगीता राणा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील कोठियाल ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और भालू को खदेड़ने की मांग उठाई।
विज्ञापन

इंसेट-
भालू ने गोशाला तोड़कर तीन गायों को मार डाला
पोखरी (चमोली)। बृहस्पतिवार रात को भालू ने कलसिर और सेम गांव में गोशाला तोड़कर तीन गायों को मार डाला। हर दिन भालू की घटनाएं होने से लोगों में भय बना हुआ है।
सेम गांव में बृहस्पतिवार रात को भालू ताजबर सिंह भंडारी की गोशाला की छत तोड़कर अंदर घुस गया और वहां बंधी गाय को मार डाला। परिजनों को सुबह घटना की जानकारी लगी। महावीर सिंह रावत, अवधेश रावत ने बताया कि भालू आस-पास ही घूम रहा है। उन्होंने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर ने बताया कि क्षेत्र में गश्त के लिए टीम भेज दी गई है। वहीं कलसिर गांव के बलवंत सिंह ने बताया कि भालू ने यदुवीर सिंह नेगी की गोशाला की छत तोड़कर एक बैल को मार दिया। गांव में एक अन्य गोशाला को भी नुकसान पहुंचाया और गाय को मार डाला। संवाद
विज्ञापन


भोजन की तलाश में बच्चों के साथ घर में घुसा भालू
भटवाड़ी। टकनौर क्षेत्र के मल्ला गांव सहित कई गांवों में भालू घरों की छतों और आंगन में घूम रहे हैं। वहीं भटवाड़ी ब्लॉक के मल्ला गांव में एक भालू और उसके दो बच्चे घर के आंगन में घूमते हुए मिले। इसके बाद भालू अपने दो बच्चों के साथ घर में घुस गया। भालुओं के घर में घुसने की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। भालू घर में घुसकर भोजन ढूंढने लगा। काफी देर तक भालू और उसके बच्चे घर में चहल-कदमी करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग की ओर से भालू की दहशत को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पूर्व में भी भालू के भय से भागने पर जंगल में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें