नारायणबगड़। ब्लॉक के आदर्श ग्राम पंचायत सणकोट में प्रोजेक्ट उन्नति के तहत छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रशासक प्रधान अंशी बुटोला ने किया। कार्यशाला का आयोजन एसबीआई के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के सौजन्य से किया जा रहा है। कार्यशाला में मनरेगा के एक वित्तीय वर्ष में 100 दिन कार्य करने वाले श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही कार्यशाला में ग्रामीण श्रमिकों को फूड प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसमें वे फलों के जूस बनाना, चौलाई तथा मंडुवे के लड्डू बनाने तथा अचार व पापड़ आदि बनाने का प्रशिक्षण लेंगे। कार्यशाला में सणकोट के 25 श्रमिक तथा ईडा व पैंटी गांव के 10 श्रमिक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण 12 फरवरी तक चलेगा। कार्यशाला के शुभारंभ पर एसबीआई के कार्यक्रम समन्वयक देवेंद्र सिंह राणा, मास्टर ट्रेनर कुशलानंद सती, ग्राम विकास अधिकारी हैप्पी नेगी, रोजगार सेवक गीता देवी, कविता देवी, ग्राम प्रशासक ईडा किरण बुटोला और प्रेम सिंह बुटोला आदि मौजूद थे। संवाद