आंदोलनकारियों की सांसद अनिल बलूनी से फोन पर हुई बात
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। औली के संरक्षण समेत विभिन्न मांगों के लिए चल रहा आंदोलन रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलनकारियों की गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से फोन पर वार्ता की। सांसद अनिल बलूनी ने उन्हें फरवरी माह में औली आकर विकास योजनाओं पर चर्चा का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोग औली में कृत्रिम बर्फ बनाने की मशीन ठीक करने, आइस स्केटिंग रिंक की खामियों को दूर करने सहित कई मांगों को लेकर चार दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। रविवार को गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की आंदोलनकारियों से फोन पर वार्ता हुई। सांसद ने उन्हें आश्वासन दिया कि तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस मामले में वार्ता करेंगे। साथ ही फरवरी माह में औली आकर विकास कार्ययोजना पर चर्चा करने की बात कही। कहा कि औली के लिए जो भी बेहतर से बेहतर होगा वह किया जाएगा।
-
जीएमवीएन व जिला पर्यटन अधिकारी ने किया निरीक्षण
ज्योतिर्मठ। उधर रविवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम निर्माण शाखा के ओएसडी अजय चौहान और जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ धरना स्थल पर पहुंचे। आंदोलनकारियों ने उनके सामने मांगें व सुझाव रखे। आंदोलनकारी विवेक पंवार ने गुलमर्ग की तर्ज पर औली डेवलपमेंट अथॉरिटी के गठन की मांग की जो औली में स्नो मेकिंग मशीन सिस्टम, आइस स्केटिंग रिंक, यातायात सहित सभी विकास कार्यों की जिम्मेदारी संभाले। इसके बाद आंदोलनकारियों, जीएमवीएन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने आइस स्केटिंग रिंक का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आइस स्केटिंग रिंक की कमियों को दूर करने पर सहमति दी। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं विभागों की जवाबदेही तय नहीं होती और पूर्व में इस मामले में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती वे धरना जारी रखेंगे। इस दौरान बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, संतोष कुंवर, अनुज भुजवाण, महेंद्र भुजवाण, नंदन सिंह मारतोलिया, जयदीप भट्ट आदि मौजूद रहे। संवाद