थराली। जिला बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष बख्तावर सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में थराली जिला बनाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया। बैठक में क्षेत्र को भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत दुर्गम और संवेदनशील बताते हुए कहा गया कि यहां के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए आज भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिला मुख्यालय की दूरी अधिक होने के कारण आम जनता को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी कई किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। थराली के अलग जिला बनने से यहां मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। बैठक में रमेश चंद्र थपलियाल, नंदन सिंह रावत, डीडी उनियाल, जगमोहन सिंह रावत, भूधर नेगी, हरेंद्र सिंह रावत,मोहन राम आर्य, दिनेश चंद्र मिश्रा आदि मौजूद थे। संवाद
मोपाटा ग्राम पंचायत की खुली बैठक में योजनाओं पर चर्चा
देवाल। मोपाटा ग्राम पंचायत की खुली बैठक में विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्राम प्रधान रूप सिंह कुंवर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एडीओ राजेंद्र बिमोली सहित विभिन्न विभागों से पहुंचे कर्मियों ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण, ग्राम पंचायत में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांग पेंशन, वृद्धों के लिए संचालित पेंशन योजना की जानकारी दी गई। बैठक में बीडीसी मेंबर उर्वी दत्त जोशी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र बिमोली, ग्राम पंचायत अधिकारी राघवेंद्र प्रकाश, प्रमोद मिश्रा, एनआरएलएम पुष्कर भंडारी, प्रशांत शर्मा, पदमा देवी आदि मौजूद रहे। संवाद
मनरेगा कानून को योजनाबद्ध तरीके से खत्म कर रही सरकार
नारायणबगड़। ब्लाॅक की ग्राम पंचायत खैनोली में कांग्रेस ने मनरेगा मजदूरों के साथ बैठक कर भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की मंशा पर चर्चा करते हुए इसका प्रबल विरोध किया। एआईसीसी की ओर से संचालित मनरेगा बचाओ अभियान के तहत ब्लाॅक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जनसंपर्क संदीप कुमार पटवाल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के करोड़ों मजदूरों की आजीविका की गारंटी देने वाले मनरेगा कानून को योजनाबद्ध तरीके से खत्म कर रही है। बैठक में राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, पूर्व प्रधान फते सिंह नेगी, ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री प्रविंद्र नेगी, ग्राम प्रधान विमला देवी समेत कई लोगों ने विचार रखे। संवाद