गोपेश्वर। पोखरी और दशोली ब्लॉक के गांवों में इन दिनों गेहूं और आलू की फसल पकने के लिए तैयार है लेकिन जंगली सुअर फसलाें को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुअरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की।
पोखरी ब्लॉक के थाला, ताली, कंसारी और किणजाणी में जंगली सुअरों ने आलू की फसल को रौंदकर बरबाद कर दिया है। देवी प्रसाद थपलियाल, महावीर सिंह और ओम प्रकाश नेगी का कहना है कि जंगल सुअरों का झुंड शाम होते ही खेतों में पहुंच रहे हैं और फसल फसल नष्ट कर रहे हैं। सुअर खेतों में गड्ढे भी कर रहे हैं। उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ वन प्रभाग के अधिकारियों से जंगली सुअरों को खदेड़ने की मांग उठाई। इधर, दशोली विकास खंड के घिंघराण क्षेत्र में भी जंगली सुअर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। नैन सिंह, पपेंद्र सिंह और मनोज कुमार ने कहा कि जंगली सुअरों को भगाने के लिए लोग रात को खेेतों में कनस्तर बजा रहे हैं। लोग रातभर सो नहीं पा रहे हैं। इधर, केदारनाथ वन प्रभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में वन कर्मियों की टीम भेजी जाएगी। जंगली सुअरों को खदेड़ने की योजना बनाई जाएगी।