बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में ठंड बढ़ती ही जा रही है। धाम और आसपास बहने वाले झरने व गदेरों का पानी जम रहा है। वहीं पेयजल लाइन के लीकेज होने से निकलने वाला पानी भी जम रहा है।
बदरीनाथ मंदिर के कपाट आगामी 25 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। 20 नवंबर से मंदिर के कपाट बंद होने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। धाम के तापमान में पिछले कुछ दिनों से काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में धूप खिलने पर तो श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है लेकिन शाम होते ही हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो रही है। रात के समय तापमान माइनस सात से आठ डिग्री तक पहुंच रहा है जिससे जगह-जगह पानी जम रहा है। बामणी गांव के पास पेयजल लाइन लीक होने से पानी का फव्वारा पेड़ पर गिर रहा था और रात में ठंड से पानी पेड़ पर ही जम गया। स्थानीय निवासी नवनीत मेहता का कहना है कि बर्फबारी के बाद से लगातार तापमान में गिरावट हो रही है। हालांकि ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला बना हुआ है। संवाद