थराली। गर्मी बढ़ते ही ग्वालदम में पेयजल किल्लत होने लगी है। अनियमित पेयजल आपूर्ति से बाजार और ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानी बढ़ रही है। ग्वालदम कस्बे की तीन हजार से अधिक की जनसंख्या की पानी की किल्लत दूर करने के लिए वर्ष 2016-17 में 15 करोड़ की लागत से पिंडर नदी से पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण किया गया लेकिन असमान वितरण प्रणाली के कारण यहां गर्मियों का मौसम शुरू होते ही पानी की किल्लत बढ़ जाती है। प्रधान हेमलता गाड़िया व्यापार संघ अध्यक्ष अनिल नेगी, हरीश जोशी, सुशीला गड़िया, धीरेंद्र सिंह का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद पेयजल की दिक्कत कम नहीं हो रही है। जल संस्थान को तत्काल इस पर कार्य करना चाहिए। वहीं जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता अंशुल कपरूवाण ने कहा कि पाइप लाइन में कबाड़ फंसने से पानी सही तरीके से पंप नहीं हो रहा था। अब पाइप लाइन की सफाई कर दी गई है। जल्द पानी की आपूर्ति नियमित कर दी जाएगी। संवाद