मेटा तल्ला गांव के ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी जल जीवन मिशन की पेयजल योजना
55 परिवार गदेरे से ढो रहे हैं पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। थराली ब्लॉक के मेटा तल्ला गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल योजना ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बन गई है। योजना का निर्माण होते ही गांव की पुरानी पेयजल लाइन पर पानी आना बंद हो गया है। इस कारण गांव के करीब 55 परिवारों को गदेरे से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी को भी शिकायती पत्र सौंपा लेकिन स्थिति जस की तस बनी है।
ग्राम प्रधान गुड्डी देवी, करन सिंह नेगी और दर्शन सिंह रावत ने बताया कि वर्ष 2023 में गांव से करीब छह किलोमीटर दूर छेड़ा गदेरे से जल जीवन मिशन की योजना बनाई गई। मगर योजना को अनियमित तरीके से बिछाया गया जिससे गांव तक पानी ही नहीं पहुंच रहा है। ठेकेदार ने तीन किलोमीटर तक नई लाइन बिछाई जिसके बाद इस लाइन को पुरानी लाइन से जोड़ दिया गया है। तब से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे स्रोत से जलापूर्ति कर रहे हैं। इधर, जल संस्थान कर्णप्रयाग के ईई एमके सिंह का कहना है कि लाइन को दिखवाया जाएगा। यदि गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है तो शीघ्र लाइन को दुरुस्त किया जाएगा।