गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम से करीब दो किलोमीटर पहले बदरीनाथ हाईवे पर कंचननाला का जलस्तर बढ़ गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने देवदर्शनी में हाईवे पर बैरियर लगा दिया है जिससे कोई भी यात्रा वाहन बदरीनाथ से निचले क्षेत्रों में न जाएं। पुलिस प्रशासन की ओर से बदरीनाथ में लाउडस्पीकर से तीर्थयात्रियों से भी रात को आवाजाही न करने की अपील की जा रही है। बदरीनाथ थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि उच्च हिमालय क्षेत्रों में हो रही बारिश से कंचननाला का जलस्तर देर शाम से बढ़ने लगा था। रात को यहां वाहनों की आवाजाही में खतरा हो सकता है। इसे देखते हुए बदरीनाथ के देवदर्शनी में बैरियर लगा दिया गया है। शनिवार को हाईवे को सुचारु करने के बाद ही वाहनों की आवाजाही करवाई जाएगी। संवाद