दशोली ब्लॉक के चमेली (छिनका) गांव में पानी की नियमित सप्लाई नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। गांव की भोटिया जनजाति की महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई। कहा कि पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण इस सर्दी में भी पानी के लिए गांव के प्राकृतिक स्रोत पर निर्भर रहना पड़ता है।
ग्राम सभा छिनका के चमेली गांव की महिलाएं सोमवार को बड़ी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पेयजल योजना का रख-रखाव न होने से उनके गांव की पेयजल लाइन जगह-जगह लीकेज हो रही है। साथ ही लाइन के स्रोत पर भी पर्याप्त पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में उनके गांव चमेली में आए दिन पानी की समस्या रहती है। ज्ञापन भेजने वालों में राजेश्वरी, बिंदू देवी, ऊषा देवी, अंजू देवी, कमला देवी, अमरी देवी, केसरी देवी, बसंती देवी, सुधा देवी, सावित्री देवी, सुषमा देवी, जानकी देवी, बसंती देवी और नंदी देवी आदि शामिल थे।