तीर्थयात्री और स्थानीय लोग परेशान, व्यापारी स्वयं के संसाधनों से कर रहे व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर स्थित बिरही और छिनका बाजार में पेयजल किल्लत बनी हुई है। बिरही में पिछले तीन दिनों से नलों पर एक बूंद पानी नहीं टपका है। जबकि इन दिनों छिनका में बार-बार हाईवे भी बाधित हो रहा है और तीर्थयात्री फंस रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
बिरही बाजार के होटल व्यवसायी तारेंद्र थपलियाल ने बताया कि होटलों में पानी की व्यवस्था करना मुश्किल बना हुआ है। स्वयं के संसाधनों से पेयजल आपूर्ति करनी पड़ रही है। वहीं छिनका के व्यापार संघ अध्यक्ष अनिल सती का कहना है कि पेयजल संकट के संबंध में संस्थान के अधिकारियाें को बताया गया लेकिन स्थिति जस की तस है। व्यापारियों को भी दूर-दराज से पानी की व्यवस्था करनीं पड़ रही है। उन्होंने कह कि यह क्षेत्र जिला पंचायत के अधीन है। व्यापारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी को सुचारु पेयजल सप्लाई को लेकर ज्ञापन भेजा। इस मौके पर हरीश सिंह, बैजनाथ सोनी, दीपक पाल, उमा देवी, पार्वती, सोनू असवाल, जगदीश सिंह, संदीप चौधरी, पदमेंद्र सिंह और राजकुमार सोनी आदि शामिल रहे। इधर, जल संस्थान के ईई संजय श्रीवास्तव का कहना है कि बिरही और छिनका में पेयजल की समस्या जल्द दूर कर दी जाएगी। अवर अभियंता को मौके पर भेजकर लाइनों को दिखवाया जाएगा।