चमोली जिले के दूरस्थ गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। आए दिन इन गांवों में बीमार या दुर्घटना में घायल होने पर ग्रामीण उन्हें कंधे पर लादकर अस्पताल पहुंचाते हैं। शनिवार को निजमुला घाटी के हडूंगा गांव के बुजुर्ग कलम सिंह फरस्वाण (76) की तबीयत बिगड़ गई। तब ग्रामीणों ने कुर्सी पर लकड़ी के डंडे बांधकर उसमें बुजुर्ग को बैठाया। इसके बाद 10 किमी पैदल चलकर उन्हें सड़क तक लाए और 108 से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उनकी तबीयत ठीक है। गंगा सिंह फरस्वाण, हयात सिंह, वीरेंद्र सिंह, अमर सिंह, दयाल सिंह, मनवर सिंह आदि ने कहा कि गांव में न तो स्वास्थ्य सुविधा है और न ही सड़क सुविधा। कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से लोगों की मौत भी हो जाती है।