गोपेश्वर खेल मैदान में बालिका ओपन वर्ग की राज्य आमंत्रण वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू
राज्य की 12 टीमें कर रहीं प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बालिका ओपन वर्ग की राज्य आमंत्रण वाॅलीबाल प्रतियोगिता बुधवार से शुरू हो गई। चार दिनों तक होने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य की 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। बुधवार को खेले गए उद्घाटन मैच में देहरादून ने चंपावत को 2-0 से और पौड़ी ने चमोली को 2-01 अंकों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता लीग कम नॉक आउट पद्धति के आधार पर आयोजित की जा रही है।
गोपेश्वर खेल मैदान में ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी और वरिष्ठ अधिवक्ता हेम पुजारी ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में यूएसनगर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, उत्तरकाशी, नरेंद्रनगर टिहरी, हरिद्वार, टनकपुर (चंपावत), सिटी क्लब ऋषिकेश व चमोली की एक-एक टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में तीसरा मैच उत्तरकाशी और टिहरी के बीच खेला गया, जिसमें उत्तरकाशी ने 25-09 व 25-13 अंकों से जीत दर्ज की। चौथा मैच यूएसनगर और बागेश्वर की टीम के बीच हुआ जिसमें यूएसनगर ने 25-10 व 25-09 अंकों से मैच जीत लिया। इसके बाद हुए मैचों में पौड़ी ने हरिद्वार को 25-09 व 25-10 अंकों से, देहरादून ने टिहरी को 25-16, 25-27 व 15-13 अंकों से तथा उत्तरकाशी ने चंपावत को 25-22 व 25-13 अंकों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर गोपीनाथ वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष अशोक रावत, कमल किशोर सिंह, रमेश पंखोली, नवीन कुंवर, बलदेव कुमार, दीपक तिवारी, रश्मि बिष्ट और हेमा नयाल आदि मौजूद रहे।