स्व. डा. शिवानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का 36वां वार्षिकोत्सव और छात्र संघ समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी लोकगीत और नृत्य पेश किए।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित छात्र संघ समारोह में छात्राओं की ओर से प्रस्तुत रंगीली बिंदी घाघर काई..., प्रेम रतन धन पायो पर दर्शक भी थिरक उठे। सान्वी भट्ट की ओर से प्रस्तुत मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया... ने खूब तालियां बटोरीं। समारोह के बीच में हुई बारिश के बावजूद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रखे।
समारोह का उद्घाटन विधानसभा उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी, बदरीनाथ विधायक डा. राजेंद्र भंडारी, थराली के डा. जीतराम, सीएम के राजनीतिक सलाहकार पृथ्बीपाल सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से किया। मौसम खराब होने के चलते सीएम हरीश रावत समारोह में नहीं पहुंच सके, लेकिन मोबाइल से ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि छात्र-छात्राओं की जो भी मांगें होंगी उन्हें पूरा कर लिया जाएगा।
विधानसभा उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर तीन विषयों की स्वीकृति, पुस्तकालय भवन और खेल मैदान के निर्माण संबंधी मांगों को सीएम से स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने भी विचार रखे। पृथ्बीपाल चौहान ने सीएम को महाविद्यालय में दोबारा लाने का भरोसा दिया।
डा. गौरव वार्ष्णेय के संचालन में हुए समारोह में डा. जीसी बेंजवाल और अनिल कुमार ने महाविद्यालय की समस्याएं रखी। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह, सीएम के मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश सती सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।
दादी को बचाने वाली दीपिका सम्मानित
22 मई 2014 को सिंद्रवाणी के जंगलों में घास काटती हुए अपनी दादी को बचाने वाली महाविद्यालय की छात्रा दीपिका को महाविद्यालय प्रशासन ने बीर बाला पुरस्कार से सम्मानित किया। साथ ही महाविद्यालय स्थापना के समय वर्ष 1974 में बनी संघर्ष समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश पुजारी और महामंत्री रहे भुवन नौटियाल को वर्ष 1979 तक किए गए संघर्ष के लिए सम्मान दिया गया।
यही नहीं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष स्व. रत्नेश सती को मरणोपरांत पुरस्कार दिया गया। जबकि महाविद्यालय की छात्रा शिक्षा खाली, सागर सिंह, किरन, स्नेहा कंडारी, निधि को विशेष योगदान के लिए, हेमंत सिंह, मोहित, राखी, सविता, सरिता को एनसीसी के क्षेत्र में जबकि प्रियंका, वंदना, सीमा, सविता, साहिबा, शिवांशु, स्वाति, योगेश, अमन, प्रिया, मीना, विनीता, वंदना, नीलम, निशा, प्रिया को अपनी अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।