ज्योतिर्मठ। विकासखंड के उर्गम घाटी में भेटा-भरकी सड़क की बदहाल स्थिति पर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने 21 जुलाई को गोपेश्वर में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस संबंध में एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा गया है। ग्रामीण लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि सड़क के शुरुआती 12 किलोमीटर हिस्से में जगह-जगह मलबा पड़ा है जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर स्क्रपर का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है और सड़क किनारे पैराफीट भी नहीं बनाए गए हैं। पिलखी गांव के ऊपर दो मोड़ों पर सड़क क्षतिग्रस्त है, जबकि कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है। ग्रामीणों ने शीघ्र मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।