थराली। वन भूमि खाली करने के नोटिस देने के विरोध में ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को हाट कल्याणी और चौड़ गांव के ग्रामीण धरने पर पर बैठे। ग्रामीणों ने वन विभाग और सरकार के विरोध में नारेबाजी की और भूमि का मालिकाना हक देने की मांग की।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें भूमि का अधिकार चाहिए। उनका जीवन पीढि़यों से वन भूमि पर आधारित है। वन विभाग उनके जीने के अधिकार को छीनने का प्रयास कर रही है। वो भूमिहीन हैं इसलिए उनके पुरखों ने वन भूमि पर अपना आशियाना बनाया है। कहा कि जब तक सरकार इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेगी तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। धरने पर बैठने वालों में मुकेश कुमार, धर्म सिंह, पुष्पा नेगी, शीतल सिंह, राजेंद्र सिंह और मुकेश कुमार आदि शामिल थे। संवाद