किशोर की मौत की जांच को डीएम से मिले ग्रामीण
गोपेश्वर। किशोर की मौत की जांच की मांग को लेकर ग्रामीण जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया से मिले। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही जांच के लिए एसआईटी गठित करने की भी मांग की।
13 फरवरी को गोपेश्वर-पोखरी मार्ग पर गैर पुल के पास बालखिला नदी में एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला था। तब से ग्रामीण मामले की जांच करने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को डीएम के जनता दरबार में महिलाओं और युवाओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि मौत के तमाम पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाए। डीएम ने उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। डीएम से मिलने वालों में हेमा देवी, जयंती देवी, सीमा देवी, ममता, अनीता देवी, सुमित्रा, पपेंद्र सिंह, लोकेंद्र रावत, नीरज बिष्ट, विनीता कुंवर, राजेंद्र सिंह नेगी और कमलेश्वरी नेगी आदि शामिल थे।
वहीं डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी इसी मामले को लेकर सोमवार को कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल को ज्ञापन देकर किशोर की मौत का सच सामने लाने की मांग की। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। संवाद