रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में लोक कला और गीत-नाट्य के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। सूचना विभाग में पंजीकृत मदमहेश्वर घाटी लोक कला मंच के कलाकारों ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रस्तुतियां देकर ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और उद्देश्यों की जानकारी दी। कलाकारों ने लोकगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टम्टा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोक कला और गीत-नाट्य के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक सरल तरीके से पहुंच रही है। संवाद