पीपलकोटी/गोपेश्वर। पीपलकोटी के ठीक सामने बंडीधुरा तोक में लगी आग साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद बुझा ली गई है। वहीं, गोपेश्वर के समीप रौली गांव की पहाड़ी पर लगी आग को भी वन्यजीव प्रभाग के कर्मियों ने बुझा लिया है। आग लगने के बाद पहाड़ियां काली नजर आ रही हैं।
पीपलकोटी के बंडीधुरा तोक में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग विकराल होकर जंगल में फैल गई। आग लगने के बाद वन सरपंच रविंद्र कंडेरी, देवेंद्र कंडेरी, अजय पंवार के साथ ही अन्य ग्रामीण जंगल में आग बुझाने पहुंचे। करीब साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद देर रात करीब एक बजे जंगल की आग को काबू कर लिया गया। वहीं, गोपेश्वर के समीप रौली गांव के समीप की पहाड़ी पर लगी आग को वन विभाग के कर्मियों और फायर वाचर ने बुझा लिया।