इस साल अभी तक रिकॉर्ड 35,261 पर्यटक पहुंचे
वन विभाग को 67 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। विश्व धरोहर फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए 31 अक्तूबर को बंद कर दी जाएगी। इस साल अभी तक घाटी में रिकॉर्ड 35,261 पर्यटक पहुंचे हैं जिससे पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। पर्यटकों की आवाजाही से वन विभाग को भी अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है।
फूलों की घाटी में अब फूल सूख चुके हैं। ऐसे में पर्यटकों को फूलों की रंग-बिरंगी छटा देखने को नहीं मिल रही है। हालांकि घाटी के प्राकृतिक ढलान, हिमालय की सुंदरता और बर्फ से ढकी चोटियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। अब घाटी में गिने-चुने पर्यटक ही पहुंच रहे हैं। अब वन विभाग ने शीतकाल के लिए घाटी को बंद करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 31 अक्तूबर के बाद यहां आवाजाही बंद हो जाएगी। इसके बाद केवल वन विभाग के कर्मचारी गश्त के लिए घाटी में जाएंगे। फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान ने बताया कि इस वर्ष एक जून से अब तक 35,261 पर्यटक घाटी में पहुंच चुके हैं। इससे वन विभाग को 67 लाख सात हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।