पोखरी-हापला-गोपेश्वर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर तहसील और पुलिस प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। हादसे में मृत एक व्यक्ति पीएनबी में संविदा पर कार्यरत था।
सोमवार सुबह अनिल सेमवाल (24) निवासी ग्राम छेमी देवखाल कार से त्रिशूला से देवखाल जा रहे थे। कार संजय खंडूड़ी (23) निवासी गणाई जोशीमठ चला रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे त्रिशूला और देवखाल के बीच गोगनापानी धारकोट में उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। त्रिशूला के प्रधान विनोद नेगी और भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बीरेंद्रपाल भंडारी ने दुर्घटना की सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद तहसीलदार हरीशचंद्र पांडे, एसआई शिवदत्त जमलोकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से और काफी मशक्कत के बाद खाई से दोनों युवकों को बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अनिल सेमवाल त्रिशूला में पंजाब नेशनल बैंक में संविदा पर कार्यरत था जबकि दूसरा युवक बेरोजगार था। दुर्घटना पर बदरीनाथ के विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, ब्लॉक प्रमुख प्रीती भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत, कांग्रेस के ब्लांक अध्यक्ष संतोष चौधरी आदि ने शोक जताया।