कर्णप्रयाग। ब्लॉक के उमट्टा-मौणा-बरसाली मार्ग के संकरा होने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे से उमट्टा तक दो किमी मार्ग का निर्माण तीन दशक पहले हुआ था। बाद में इसका विस्तारीकरण मौणा और बरसाली गांवों तक किया गया लेकिन बदरीनाथ हाईवे से उमट्टा तक संकरी सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पाया है। यहां सुरक्षा दीवारें भी क्षतिग्रस्त हैं। इससे चौपहिया वाहनों को गुजरने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मार्ग के सुधारीकरण और विस्तारीकरण की कई बार मांग की लेकिन इस पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। वहीं लोनिवि कर्णप्रयाग के सहायक अभियंता अमित चौहान ने बताया कि इस संबंध में इस्टीमेट बनाकर आपदा मद में उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। संवाद