ज्योतिर्मठ। औली में स्नो मेकिंग मशीन से कृत्रिम बर्फ बनाने के ट्रायल को लेकर यूकेडी ने सवाल उठाए हैं। यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अंशुमान बिष्ट ने कहा कि डेढ़ दशक से बंद पड़ी मशीनें अचानक बिना तकनीकी विशेषज्ञों की मदद के बर्फ बनाने लगीं। उन्होंने ट्रायल की सफलता के दावे पर सवाल उठाते हुए इसे सरकारी धन की बरबादी बताया।
अंशुमान बिष्ट ने कहा कि औली में मशीनें स्थापित होने के बाद से कभी भी पर्याप्त मात्रा में बर्फ नहीं बना पाई हैं। कुछ साल पहले आठ नंबर टावर के पास ही हल्की बर्फ बन पाई थी। अब मशीनों का ट्रायल सफल होने का दावा किया जा रहा है जबकि ट्रायल करने वालों के पास तकनीकी दक्षता होने पर भी सवाल हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बंद रहने के कारण मशीनों में कई तरह की तकनीकी खराबियां आ चुकी होंगी। ऐसे में इनकी वास्तविक क्षमता और कार्यशीलता की जांच जरूरी है। मशीनों पर दोबारा पैसा खर्च करने से पहले उनकी स्थिति और उपयोगिता का तकनीकी आकलन किया जाना चाहिए। संवाद