संवाद न्यूज एजेंसी पोखरी (चमोली) मोबाइल टावर की बैटरी चोरी कर भाग रहे दो युवकों को पुलिस ने सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बैटरियां भी बरामद की है।
शुक्रवार शाम मोहनखाल में मोबाइल टावर के शेल्टर रूम से दो युवक बैटरियां चोरी कर जंगल के रास्ते सड़क की ओर भाग रहे थे। इंड्स टावर लिमिटेड के केयरटेकर ताली गांव निवासी ओम प्रकाश ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मोहनखाल बैरियर पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई जिनके पास मोबाइल टावर से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित रावत (27) निवासी ग्राम खल, बीरोंखाल पौड़ी और मनीष रमोला (24) निवासी छोटी मंडी, थाना धरासू उत्तरकाशी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुरसाड़ी कारागार भेज दिया गया है।