तुलसी ग्रीन टी के दो और उत्पाद शुक्रवार (आज) बाजार में उतरेंगे। तेजपात और अदरक मिक्स इस चाय को हार्क स्थानीय समूहों की ओर से तैयार किए गए बेहतर उत्पाद मान रहा है।
दोनों उत्पादों की लांचिग हार्क के सचिव महेंद्र कुंवर करेंगे। अब तक हार्क के संरक्षण में विभिन्न समूह तुलसी ग्रीन टी तैयार करते थे। हिमालयन एक्शन रिसर्च सेंटर (हार्क) बदरीनाथ हाईवे पर कालेश्वर में वर्ष 2006 से ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए तकनीकी प्रशिक्षण दे रहा है।
तीन चार वर्षों से समूह तुलसी का उत्पादन और तुलसी से बने उत्पादों का विपणन कर रहे हैं। कर्णप्रयाग, घाट, आदिबदरी सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब 60 से अधिक गांवों में तुलसी का उत्पादन किसान कर रहे हैं, जिनसे समूह तुलसी खरीद कर तुलसी ग्रीन टी का उत्पादन कर रहा है।
ग्रीन टी की सफलता से उत्साहित समूह अब तुलसी मसाला (तेजपात) चाय और तुलसी जिंजर (अदरक) चाय दो नए उत्पादों को बाजार में उतार रहा है।
हार्क के कालेश्वर केंद्र प्रभारी गणेश उनियाल ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की ओर से इस वर्ष तुलसी के तीनों उत्पादों के 10 हजार पैकेट बाजार में बेचने का लक्ष्य रखा है।