जिला युवा कल्याण अधिकारी ने की कार्रवाई
बाहर से आने वाली गाड़ियों के चालकों से भी पैसे लेने के थे आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चारधाम यात्रा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने और बाहर से आने वाली गाड़ियों के चालकों से पैसे लेने के आरोप में पीआरडी के दो जवानों को कार्यमुक्त कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
चारधाम यात्रा को देखते हुए पांडुकेश्वर में पीआरडी के दो स्वयंसेवकों को पर्यटक सहायता एवं सुरक्षा मित्र के तौर पर तैनात किया गया था। मगर दोनों जवानों पर बाहर से आने वाले वाहनों के चालकों से पैसे लेने के आरोप लगे हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच की तो मामला सही पाया गया। इसपर तुरंत दोनों को ड्यूटी से हटा दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी व प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने दोनों को कार्यमुक्त करते हुए उनकी जगह अन्य दो पीआरडी जवानों की तैनाती कर दी है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने कहा कि दोनों पीआरडी जवानों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वह्न नहीं किया। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व बेहतर व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया है। प्रशासन लगातार निगरानी व समीक्षा कर रहा है।