नंदप्रयाग-घाट सड़क डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर लोगों का आंदोलन 58वें दिन भी जारी रहा। वहीं, अनशन पर बैठे प्रधान संघ के अध्यक्ष लखपत सिंह नेगी और कुंवर राम की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों की टीम ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट में भर्ती करा दिया। उनके स्थान पर अब व्यापारी दिनेश सती भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं, जबकि देवेंद्र जमालू, पवन सिलकोटी और दिनेश कुमार अभी भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह नेगी और टैक्सी यूनियन घाट के अध्यक्ष मनोज कठैत ने कहा कि मांग पूरी होने पर आंदोलन जारी रखेंगे। इस दौरान नंदप्रयाग टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष प्रेम राणा, पुन्यारा महादेव टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष यशपाल सिंह, व्यापारी दर्शन सिंह, राजेंद्र सिंह और ग्राम प्रधान उस्तोली महाबीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।