क्षेत्र के चोपता गांव के दो चचेरे भाईयों को एक साथ डॉक्टरेट की उपाधि मिली है। दोनों भाइयों को जब दिल्ली में उपाधि मिली तो गांव में खुशियां मनाई गईं।
राहुल सती ने ‘सिद्धांत ज्योतिष’ विषय एवं छोटे भाई राजेश सती ने ‘फलित ज्योतिष’ विषय में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के दीक्षांत समारोह में विद्यावारिधि (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त की। राजेश के लिए यह अवसर इसलिए भी विशेष रहा, क्योंकि उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों वर्ष 2023 के विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में स्वर्ण पदक भी मिला। राहुल और राजेश श्री सिद्धपीठ राजराजेश्वरी गिरिजा भवानी चोपता चौंरी के कुल पुरोहित सती परिवार से हैं। राहुल के पिता हर्ष प्रसाद सती और राजेश के पिता अनुसूया प्रसाद सती यजमानी करते हैं। उन्होंने गुरुकुल से संस्कृत का अध्ययन कर दिल्ली स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया था।