न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जिला
अन्य लोगों की गिरफ्तारी के भी प्रयास हैं जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। ब्लाॅक के पंती कस्बे से चोरी की गई 77 सेटरिंग प्लेटों के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पुरसाड़ी भेज दिया है। चोरी में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पंती कस्बे में वेल्डिंग एवं फेब्रिकेशन दुकान के संचालक रुद्र सिंह बिष्ट ने 18 अक्तूबर को थराली थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि 16 अक्तूबर की रात को उनकी दुकान के बाहर रखीं 35 सेटरिंग की प्लेटें चोरी हो गईं। इससे पूर्व 16 सितंबर की रात को भी चोर 42 सेटरिंग प्लेटें चुरा ले गए थे। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा की निगरानी और थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया के नेतृत्व में गठित की गई पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज तथा सर्विलांस सेल की मदद से बीते सोमवार को चोरी की गई सेटरिंग प्लेटों के साथ दो आरोपी दिग्पाल सिंह (35) निवासी रेन (देवाल), रवि कुमार (27) निवासी ओडर (देवाल) को चोरी में शामिल वाहन के साथ देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम में शामिल चौकी प्रभारी एसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है। अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका को देखते हुए तलाश की जा रही है।