चार सूत्री मांगों को लेकर चोरमी पैया के ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी जल विद्युत परियोजना के चोरमी सुरंग का काम नहीं होने दिया। ग्रामीण धरने पर बैठे रहे। विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना के प्रभावित ग्राम चोरमी पैया के ग्रामीण रोजगार दिलाने, चारापत्ती की व्यवस्था करने, परियोजना के कारण स्रोत प्रभावित होने के चलते पेयजल व्यवस्था कराने और मकानों में आई दरारों को ठीक कराने या मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी रावत ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं एनटीपीसी ने कहा कि परियोजना प्रभावित ग्रामों के लिए चारापत्ती देने का प्रावधान नहीं था। मकानों में दरारें को लेकर पूर्व में विशेषज्ञों की जांच में यह बात निराधार मिली। परियोजना ने चोरमी पैया की निजी भूमि को अधिग्रहित नहीं किया है। चोरमी में एचसीसी कंपनी में 75 प्रतिशत कर्मचारी स्थानीय हैं। फिर भी मामले को लेकर कंपनी ग्रामीणों के साथ वार्ता के लिए तैयार है।