सवाड़ गांव में शनिवार से दो दिवसीय शहीद सैनिक मेले का शुभारंभ हुआ। इस दौरान प्रथम विश्व युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने शहीद स्मारक में पुष्प चक्र एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर भूमि के अमर शहीदों को नमन किया। मेले में मेधावी छात्र-छात्रा को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों और महिला मंगल दलों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मेले का उद्घाटन करते हुए सैनिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष कर्नल सीएम नौटियाल ने कहा कि सवाड़ गांव वीरों की भूमि है। यहां के 22 सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध में भाग लिया था। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सवाड़ गांव में एक करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्मृति केंद्र बनाया जा रहा है जो अमर शहीदों के बलिदान का प्रतीक होगा। उद्घाटन समारोह में राइंका सवाड़ की छात्राओं और ममंद ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। मेले में राप्रावि सवाड़ के प्रधानाध्यापक दर्शन धपोला ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रही कल्पना मेहरा व राइंका सवाड़ के यशवंत बिष्ट को हाईस्कूल परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक लाने पर पुरस्कृत किया। बांग्लादेश व पाकिस्तान के युद्ध में भाग लेने वाले सैनिक हवलदार प्रताप सिंह को कर्नल सीएम नौटियाल ने सम्मानित किया। मेले में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय गोपेश्वर की ओर से शिविर भी लगाया गया है। इस मौके पर जिपं सदस्य आशा धपोला, सुरेंद्र खत्री, नपं अध्यक्ष दीपा भारती, हिमानी वैष्णव, प्रधान कंचना मेहरा, दर्शन मेहरा, दर्शन धपोला, केडी मिश्रा, सोवन खत्री, आलम सिंह, गणेश शाह, नरेंद्र भारती, दीक्षा मेहरा, शीतल सिंह, गिरीश मिश्रा, गौरी खत्री, गंगा सिंह और नंदन सिंह आदि मौजूद रहे।
सवाड़ में खोलें केंद्रीय विद्यालय
देवाल। सवाड़ मेले में मेलाध्यक्ष इंद्र सिंह बिहारी ने मेले को गोद लेकर यहां केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान कंचना देवी ने सवाड़ में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, मेला समिति के सदस्यों ने देवाल-सवाड़ सड़क का चौड़ीकरण कर आरटीओ से पास कराने, केंद्रीय विद्यालय खोलने आदि की मांग की।