जिले में शनिवार रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए। बारिश के मौसम मेें भूकंप के झटकों ने जिले के आपदा प्रभावित ग्रामीणों की दहशत बढ़ा दी है। हालांकि भूकंप के झटकों से अभी तक कहीं से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि रविवार को देर रात दो बजकर 12 मिनट पर जिले में 3.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चमोली जिले रहा है लेकिन गहराई सतह से दस किलोमीटर होने के कारण भूंकप से किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं हुई है।
भूकंप के झटकों से जिले के आपदाग्रस्त घाट क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। यहां भूकंप के झटके महसूस होते ही आपदाग्रस्त क्षेत्रों के ग्रामीण अपने घर से बाहर निकल आए और पुन: भूकंप की आशंका के चलते घंटों तक घरों में नहीं गए।
जाखणी गांव निवासी करण सिंह और मनोज कठैत का कहना है कि बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से गांव के कई आवासीय भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, ऐसे में भूकंप आने पर यहां बड़ी तबाही का खतरा बना हुआ है। ब्यूरो