हेलंग-मारवाड़ी बाईपास पर पेड़ों का कटान रोका
ऑलवेदर रोड के तहत बन रहा है बाईपास
जोशीमठ संघर्ष समिति ने एसडीएम को ज्ञापन देकर रुकवाया पेड़ों का कटान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। जोशीमठ संघर्ष समिति के विरोध के बाद वन विभाग ने ऑलवेदर रोड के तहत हेलंग-मारवाड़ी बाईपास पर हो रहे पेड़ों का कटान रोक दिया। समिति ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से ऑल वेदर रोड के तहत सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर की जानी है। इसके बाद भी बाईपास निर्माण के लिए पेड़ों को काटा जा रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर हेलंग-मारवाड़ी बाईपास प्रस्तावित है। बाईपास निर्माण को लेकर इन दिनों वन विभाग की ओर से पेड़ों का कटान किया जा रहा है। इसकी भनक जोशीमठ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को लगी तो उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर शीघ्र कार्य रोकने की मांग उठाई। समिति के प्रवक्ता कमल रतूड़ी, अतुल सती, नैन सिंह भंडारी, विक्रम भुजवाण, जयप्रकाश भट्ट, अमित सती, विक्रम सिंह फरस्वाण ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद भी वन निगम की ओर से पेड़ काटे गए हैं। यह सुप्रीम कोर्ट की अवमानना है। बीआरओ के कमांडर मनीष कपिल ने बताया कि बीआरओ की ओर से बाईपास पर कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। पेड़ों का छपान व कटान वन विभाग की ओर से किया गया है।
इधर, नंदादेवी नेशनल पार्क के डीएफओ नंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि बाईपास को लेकर 50 पेड़ काटे जा चुके हैं, जबकि 650 पेड़ों का छपान हुआ है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पेड़ों के कटान पर रोक लगा दी गई है।