कर्णप्रयाग। चारधाम यात्रा के लिए परिवहन विभाग सुरक्षित यातायात के साथ लोगों को स्वच्छता का संदेश भी देगा। परिवहन विभाग बदरीनाथ धाम यात्रा के शुभारंभ पर चारधाम पर आने वाले चालकों को कूड़ेदान वितरित करेगा। यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ ही श्रद्धालुओं से स्वच्छता की भी अपील करेंगे। साथ ही सुरक्षित यातायात की जानकारियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर होर्डिंग्स भी लगाई जाएगी। वहीं नियमित रूप से चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।
23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। बदरीविशाल के दर्शनों के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु अपने वाहनों से यहां पहुंचते हैं। ऐसे में परिवहन विभाग की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी अभिषेक भट्गांई ने बताया कि यात्रा पर आने वाले वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं। साथ ही चेकिंग के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। लोगों को कूड़ेदान दिए जाएंगे ताकि लोग वाहनों से कूड़ा इधर उधर न फेंकें। संवाद