बदरीनाथ हाईवे पर चमोली चाड़े पर हिल कटिंग के कारण लगा भारी वाहनों का जाम।
- फोटो : GOPESHWAR
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे के चमोली चाड़े पर ऑल वेदर रोड परियोजना के हिल कटिंग कार्य के चलते ट्रैफिक रूट डायवर्ट कर दिया गया है। छोटे वाहन अब को नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण रूट से जाएंगे। वहीं, बड़े वाहनों की आवाजाही सुबह छह से आठ, दोपहर एक से दो और शाम को छह से आठ बजे तक हो सकेगी।
डीएम स्वाति एस. भदौरिया के मुताबिक आगामी 22 जून तक यातायात इसी क्रम में संचालित होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को यातायात को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि चमोली चाड़े पर करीब तीन सौ मीटर का हिस्सा बेहद संकरा है। इस हिस्से को बेहद खतरनाक माना जाता है।
यहां पर एक तरफ आगे की ओर से निकली चट्टान है तो नीचे अलकंनदा बह रही है। ऐसे में सुरक्षा के दृष्टिगत यहां हिल कटिंग कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही रोकी जा रही है। छोटे वाहनों की आवाजाही नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण से की जाएगी।