पुल निर्माण के काम में लगे मजदूर के साथ एक व्यापारी की ओर से मारपीट करने पर बुधवार को मजदूरों ने पुल का काम दोपहर एक बजे तक बंद रखा।
बाद में व्यापारियों, विभाग की ओर से हस्तक्षेप करने के बाद मामला सुलझा और दोपहर को मजदूरों ने पुल निर्माण कार्य शुरू किया। इस दौरान यहां तनाव का माहौल बना रहा। पुल के ठेकेदार की ओर से व्यापारी के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
मुख्य बाजार में पिंडर नदी पर आठ करोड़ की लागत से पुल निर्माण किया जा रहा है। हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह और थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम मुख्य बाजार में जनरल स्टोर की दुकान चलाने वाले व्यापारी अंकित गोयल की पुल निर्माण में लगे मजदूर मोहम्मद अकरम के साथ झड़प हो गई।
पुल के ठेकेदार सचिन कंडारी के अनुसार अंकित ने मोहम्मद अकरम के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी, जिस कारण मंगलवार रात साढ़े 11 बजे तक मुख्य बाजार में हंगामा होता रहा। इस दौरान व्यापारियों की पुलिस के साथ तीखी झड़प भी हुई।
बुधवार सुबह पुल निर्माण में जुटे मजदूरों ने काम बंद कर दिया। इससे नाराज व्यापारी लोनिवि के अधिकारियों को मिले। व्यापारियों ने कहा कि जब व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है तो पुल का काम रोका जाना अनुचित है।
बाद में लोनिवि के ईई जेपी रतूड़ी ने मजदूरों के साथ वार्ता की और दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद मजदूर काम पर लौटे। मजदूरों से पुल का निर्माण तेजी से करने के लिए कहा गया है।