व्यापार मंडल के विरोध के बाद गोपेश्वर में आगामी आठ दिसंबर से आयोजित होने वाला ट्रेड फेयर स्थगित हो गया है। मेला संयोजकों ने अपना सामान भी समेट लिया है।
गोपेश्वर के स्थानीय व्यापारियों ने बाहर से मेले में आने वाली दुकानों को लगाने के विरोध में बीती शुक्रवार को मनोरंजन कर अधिकारी का घेराव किया था। शनिवार को व्यापारियों ने थाना गोपेश्वर में जाकर थानाध्यक्ष से भेंट की। कहा कि अनियमित मेलों के आयोजन से नगर के पंजीकृत व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि प्रशासन की ओर से मेलों के आयोजन को लेकर शीघ्र प्रभावी कार्य योजना तैयार नहीं की जाती तो व्यापारी आंदोलन शुरू कर देंगे। इस मौके पर मंडल के जिलाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा, नगर अध्यक्ष अंकोला पुरोहित, पीयूष विश्नोई, आयुष चौहान, हेम दरमोड़ा आदि मौजूद थे।