औली में बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी है। स्कीइंग के शौकीन औली पहुंच रहे हैं। इन दिनों जिले में चटख धूप खिल रही है, जिससे औली में दिनभर स्कीइंग प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। गौरसों बुग्याल से लेकर औली बर्फ से ढका हुआ है। पर्यटक जोशीमठ से रोपवे में बैठकर औली का दीदार कर रहे हैं।
दिल्ली के पर्यटक बृजेश मित्तल, मनप्रीत और सौम्या शर्मा का कहना है कि इंटरनेट पर औली के बारे में पढ़ा तो यहां घूमने आ गए। जोशीमठ और अन्य पर्यटन स्थलों के सैर-सपाटे पर भी गए। यहां का मौसम बहुत अच्छा है। औली तक पहुंच मार्ग थोड़ा कठिन है।
रोपवे के प्रबंधक दिनेश भट्ट ने बताया कि इन दिनों रोपवे से औली जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। पर्यटक दिनभर औली में स्कीइंग कर यहां के प्राकृतिक नजारे को निहार रहे हैं।