जोशीमठ में भू-धंसाव और भूस्खलन फिर हुआ शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। बारिश के कारण नगर में भू-धंसाव और भूस्खलन फिर शुरू हो गया है। शनिवार रात को मूसलाधार बारिश के कारण सिंहधार वार्ड में देशिक विहार त्रिदंडी आश्रम की दीवार ढह गई। जबकि इससे कुछ दिन पहले मनोहर बाग वार्ड में मकान के पीछे भूस्खलन हो गया था।
आश्रम में रहने वाले संतोष बाबा का कहना है कि शनिवार रात को अचानक तेज आवाज के साथ यहां दीवार ढह गई। लोगों का शोर सुनकर बाहर आए तो इसका पता चला। उन्होंने कहा कि हाल ही में यहां पुश्ते पर भी दरार आई है। भूस्खलन से उनके आश्रम को खतरा पैदा हो गया है। बाबा का कहना है कि यहां खेतों में पहले की दरारें हैं जिनमें बारिश का पानी घुस रहा है और भूस्खलन हो रहा है। वहीं इससे पहले 18 जुलाई की रात को मनोहर बाग वार्ड में भी एक मकान के पीछे भूस्खलन हो गया था। बरसात शुरू होने के बाद नगर में दरार बढ़ने, भूस्खलन होने, खेतों में गड्ढे होने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे नगर के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।