गौचर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में डीएलएड प्रशिक्षुओं और कर्मचारियों ने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली। सोलहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएलएड प्रशिक्षुओं ने भाषण, स्लोगन लेखन, चार्ट निर्माण आदि गतिविधियां संचालित कर जन जागरूकता रैली निकाली। डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस चुनाव में भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम में योगेंद्र बर्त्वाल, राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, रविंद्र बर्त्वाल, डाॅ. गजपाल रामराज और सुबोध डिमरी आदि मौजूद थे। संवाद
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिविर शुरू
आदिबदरी। स्व. एनएस कुंवर मेमोरियल राजकीय इंटर काॅलेज का सात दिवसीय शिविर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ। शिविर का शुभारंभ करते हुए आदिबदरी की प्रधान आरती बहुगुणा ने कहा कि शिक्षा की सार्थकता सेवा के भाव में ही निहित है। इन शिविरों के माध्यम से छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। प्रधानाचार्य प्रदीप जोशी ने कहा कि सेवा और श्रम एक दूसरे के पूरक हैं। शिविर में स्वयंसेवी छात्रों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान और मतदाता जागरूकता दिवस पर रैली निकालकर लोगों को अपने मतदान का उपयोग करने का आह्वान किया। इस मौके पर शिविर प्रभारी एलएस नेगी, एसएस रावत, हेमलता रावत, ध्यान सिंह बिष्ट, पीटीए अध्यक्ष नारायण सिंह नेगी और बृजमोहन बहुगुणा आदि मौजूद थे। संवाद