औली मेें हुई बर्फबारी के चलते औली और जोशीमठ में पर्यटकों का रैला उमड़ रहा है। स्थिति यह रही कि शुक्रवार को जीएमवीएन ने रोपवे की सीमित क्षमता और बंद जोशीमठ-औली मोटर मार्ग के कारण सुबह नौ बजे ही रोपवे बुकिंग काउंटर बंद कर दिया। इससे करीब 80 पर्यटक रोपवे से औली का दीदार नहीं कर पाए।
शुक्रवार को सैकड़ों की तादात में जोशीमठ रोपवे बुकिंग काउंटर पर पहुंचे पर्यटकों को मायूसी हाथ लगी।
दिनभर जोशीमठ-औली रोपवे से 250 पर्यटक ही आना-जाना कर सकते हैं। पर्यटकों की यह संख्या सुबह नौ बजे तक फुल हो गई थी, जिस कारण रोपवे काउंटर को बंद करना पड़ा।
करीब 80 पर्यटक जोशीमठ-औली मोटर मार्ग से औली के लिए निकले, लेकिन सड़क के कवाण बैंड पर पाला और बर्फ जमी होने के कारण यहां से आगे वाहन भी नहीं जा सका। पर्यटक यहां से पैदल ही औली पहुंचे।
जीएमवीएन के अधिकारियों की माने तो शुक्रवार को करीब छह सौ पर्यटक औली पहुंचे, जबकि सात सौ पर्यटक जोशीमठ पहुंच गए हैं। रोपवे प्रबंधक दिनेश भट्ट का कहना है कि रोपवे एक दिन में मात्र ढाई सौ लोगों को ही औली पहुंचा सकती है।
इस बार आपदा के बाद से पहली बार पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा देखने को मिल रहा है। औली के दीदार करने के लिए भारी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि औली में आगामी 31 दिसंबर तक होटलों की एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है।