रक्षा बंधन के पावन पर्व पर सोमवार को भगवान बंशी नारायण और लक्ष्मण मंदिर के कपाट खुलेंगे। उर्गम घाटी में स्थित बंशी नारायण मंदिर में केवल रक्षाबंधन पर्व पर ही पूजा होती है। इसके बाद एक वर्ष के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। कोरोना महामारी के कारण इस बार हेमकुंड साहिब के साथ ही लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी नहीं खुल पाए हैं। प्रतिवर्ष रक्षा बंधन, जन्माष्टमी व अष्टमी पर्व पर लक्ष्मण मंदिर में विशेष पूजा होती है। इस बार भी स्थानीय लोगों ने मंदिर में पूजा करने का निर्णय लिया है। दिनेश झिंक्वाण और शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि रक्षाबंधन पर लक्ष्मण मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा की जाएगी।