पुरसाड़ी जेल में जेलर के फोन से कुख्यात कैदी प्रवीण वाल्मीकि की ओर से रुड़की के डेयरी कारोबारी को धमकी देने के मामले की जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। डीएम विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मामले में जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
12 नवंबर को पुरसाड़ी जेल में कैद कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि ने जेलर के फोन से रुड़की के एक डेयरी कारोबारी को धमकी भरा फोन किया था। कैदी ने डेयरी कारोबारी से रंगदारी मांगी थी और रंगदारी न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इस धमकी भरे फोन करने के मामले में जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।
रुड़की पुलिस ने जेलर कर्मराज का फोन जब्त कर लिया है। कैदी की ओर से फोन करना जेल सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। वहीं पुरसाड़ी जेल एक बार फिर चर्चाओं में आ गई है। इसी वर्ष तीन फरवरी को जेल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर कैदियों ने जेलर कर्मराज पर हमला किया था।
इसी दौरान मधुमिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी द्वारा जेलर के साथ मारपीट की गई थी। अब फोन से धमकी देने के मामले के बाद जेलर की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।