भराड़ीसैंण विधानसभा में छात्रों ने विशेषज्ञों से पूछे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। अंतरराष्ट्रीय संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से भराड़ीसैंण विधानसभा में ‘स्थायी रोजगार सृजन विकसित उत्तराखंड का आधार’ विषय पर हुई संगोष्ठी में संस्कृति, कला, कृषि, उद्यान आदि से जुड़े लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग, गैरसैंण व कोटद्वार के छात्र-छात्राएं इसमें शामिल रहे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि स्थायी रोजगार कैसे सृजित होगा इस दिशा में यह संगोष्ठी उपयोगी प्रयास है।
संगोष्ठी के अंतिम दिन विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर स्वरोजगार से जुड़े सवाल पूछे। युवाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि स्थानीय लोगों की ओर से किए जा रहे कार्यों से स्थायी रोजगार कैसे सृजित किया जा सकता है इस दिशा में यह संगोष्ठी एक उपयोगी प्रयास है। विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की सहायता से स्वरोजगार कर रहे लोगों के अनुभवों से छात्रों और स्थानीय लोगों को प्रेरणा मिलेगी जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार अपना सकें। कर्णप्रयाग महाविद्यालय के छात्र अंशुल रावत ने कहा कि संगोष्ठी के माध्यम से होम स्टे और कृषि जैसे विषयों पर अनुभवी लोगों से उपयोगी जानकारी मिली है। इससे वे भविष्य में स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित हुए हैं। कोटद्वार महाविद्यालय की छात्रा अपूर्वा जखमोला ने कहा कि स्वरोजगार शुरू करने में सरकार की योजनाएं बहुत मददगार हैं। हमें अपने घर पर रहकर ही रोजगार के अवसर तलाशने की आवश्यकता है। इस मौके पर विस प्रभारी सचिव शेखर पंत, कीर्ति डंगवाल आदि लोग मौजूद रहे।
स्पीकर ने छात्रों के साथ निकाली निकाली रैली
गैरसैंण। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के नेतृत्व में स्कूली छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। रैली शुक्रवार सुबह 9 बजे गैरसैंण मुख्य चौराहे से गढ़वाल मंडल विकास निगम होते हुए वापस गैरसैंण मुख्य बाजार तक पहुंची। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि हम वंदे मातरम् गीत का 150वां वर्ष मना रहे हैं। यह गीत बंकिम चंद्र चटर्जी ने आजादी से पूर्व बंगाली भाषा में लिखा था। यह एक ऐसा गीत है जो देश की एकता को जोड़ने का काम करता है। इस मौके पर विधायक अनिल नौटियाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, विधानसभा प्रभारी शेखर पंत, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष महावीर रावत आदि मौजूद रहे। संवाद