गोपेश्वर। चमोली डाक विभाग अपने ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए एपीटी (एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी) एप्लीकेशन लांच करने जा रहा है। यह एप्लीकेशन 22 जुलाई को चमोली व रुद्रप्रयाग डिवीजन के सभी डाकघरों में लागू हो जाएगी। इस कारण 21 जुलाई को मंडल के अंतर्गत सभी डाकघरों (चमोली व रुद्रप्रयाग) में किसी भी तरह का काम नहीं होगा।
चमोली प्रखंड गोपेश्वर के डाक अधीक्षक टिकंबर सिंह गुसाईं ने कहा कि डिजिटल उत्कृष्टता की दिशा में भारतीय डाक विभाग नया मुकाम हासिल करने जा रहा है। इसके लिए डाक विभाग ने अपना खुद का आईटी 2.0 साॅफ्टवेयर बनाया है। इससे डाकघरों की कार्य प्रणाली मजबूत होगी साथ ही सर्वर, डाक बुकिंग, रजिस्ट्री आदि कार्य तेजी से होंगे। इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। इसलिए 21 जुलाई को चमोली व रुद्रप्रयाग जिले के डाकघरों में काम नहीं किया जाएगा। संवाद