लॉकडाउन के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए जल संस्थान ने तैयारी कर ली है। लोगों को शुद्ध पानी की पर्याप्त आपूर्ति के लिए जल संस्थान ने टीमें बना रखी हैं। जल संस्थान गोपेश्वर के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार सैनी ने बताया कि गांव-गांव में पानी की आपूर्ति के लिए लोकल फीटर के साथ टीमें बना रखी हैं। यदि किसी भी क्षेत्र में पानी से संबंधित कोई समस्या आती है तो टीम तुरंत वहां पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के साथ ही अन्य समस्याओं का भी समाधान करेगी। उन्होंने बताया कि गोपेश्वर में 2.15 एमएलडी प्रति व्यक्ति पानी की आपूर्ति होती है। ईई ने बताया कि उनके पास क्लोरीन की पर्याप्त मात्रा है। हर जगह लगातार पानी में क्लोरीन डाली जा रही है। इसके बावजूद यदि कहीं भी पानी में कुछ गंदगी आ रही है तो वह सीधे हमसे संपर्क कर सकते हैं। उन्हें निशुल्क क्लोरीन दी जाएगी, साथ ही क्लोरीन का इस्तेमाल कैसे किया जाएगा इसके बारे में भी बताया जाएगा।