हाईवे विस्तारीकरण के दौरान रविवार सुबह छह बजे जोशीमठ-मलारी हाईवे सुराईथोटा के पास बंद हो गया। इससे नीती घाटी के सुरांईथोटा, सूकी, भल्ला और फाक्ती गांवों के ग्रामीणों के साथ ही चीन सीमा पर तैनात सेना और आईटीबीपी के जवानों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दो माह में पांच बार एक-एक सप्ताह के लिए हाईवे बंद हो चुका है, जिससे आवाजाही में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। वहीं आईटीबीपी के जवान भी लंबी पैदल दूरी नाप रहे हैं।
बीआरओ की ओर से इन दिनों जोशीमठ-मलारी हाईवे का विस्तारीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रैंणी और सुराईथोटा में नए डेंजर जोन तैयार हो गए हैं। रविवार को सुराईथोटा के समीप सुबह छह बजे हाईवे से लगी खड़ी चट्टान का एक बड़ा हिस्सा हाईवे पर आ गया, जिससे हाईवे बंद हो गया।
वहीं बीआरओ के लेफ्टिनेंट कर्नल कुणाल कृष्णा का कहना है कि हाईवे खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। चट्टान से बड़े-बड़े बोल्डर हाईवे पर आ गए हैं। सोमवार दोपहर तक हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।