चमोली जिले के मैखुरा गांव स्थित चंडिका देवी मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने देवी की मूर्ति, चांदी की छड़ी सहित अन्य सामान चुरा लिया। ग्रामीणों की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैंखुरा गांव के देवी मैखुरी व रमेश मैखुरी ने बताया कि रविवार सुबह जब पुजारी दिनेश मैखुरी चंडिका देवी मंदिर में पूजा करने के लिए गए तो मंदिर का ताला टूटा मिला। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों और राजस्व पुलिस को दी। थाना पुलिस, नायब तहसीलदार मानवेंद्र बर्तवाल, पटवारी प्रदीप रावत, देवेंद्र सिंह व नीरज सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। एनटी मानवेंद्र बर्तवाल ने बताया कि चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद गर्भगृह का शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मंदिर से चंडिका देवी की अष्टधातु की मूर्ति सहित गणेश, लक्ष्मी, शिवजी, हनुमान, सरस्वती जी की मूर्तियां और चांदी की छड़ी चोरी हुई है। ग्रामीणों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
मंदिर में तीन साल पहले भी हुई थी चोरी
मैखुरा गांव के इसी मंदिर में 9 दिसंबर 2016 को भी चंडिका देवी की मूर्ति के अलावा चांदी के छत्र, घंटियां, दान पात्र से नकदी, शेर, महिषासुर, कुबेर व भगवान शिव की मूर्ति और कांसे की थालियां चोरी हुई थीं। इस मामले में थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को घटना के दूसरे दिन रामनगर में पकड़ा था। कर्णप्रयाग कोर्ट में तीन महीने तक चली अदालती कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को तीन-तीन साल की सजा हुई थी।